01 लाख रूपए की अतिरिक्त सहायता और शैक्षणिक भ्रमण का मिलेगा अवसर
मुंगेली । स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत जिले के ग्राम दाबो स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्रदान की गई है। यह उपलब्धि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य किया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार चयनित विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्रदान की गई है। चयनित विद्यालय को योग्यता प्रमाण-पत्र के साथ स्वच्छ एवं हरित गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण के लिए 01 लाख की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही चयनित विद्यालयों के शाला प्रमुखों को शैक्षणिक अनुभव यात्रा में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा, जिससे वे देशभर के उत्कृष्ट नवाचारों और सर्वाेत्तम व्यवस्थाओं का अध्ययन कर सकेंगे। इस संबंध में पुरस्कार वितरण एवं शैक्षणिक भ्रमण की विस्तृत जानकारी पृथक से जारी की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी जिलों से चयनित विद्यालयों को बधाई देते हुए स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा हरित परिसर निर्माण जैसी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालयों द्वारा किए गए नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि अन्य विद्यालय भी इनसे प्रेरणा लेकर ऐसे प्रयासों को अपनाएं।

The News Related To The News Engaged In The Bharat Cg News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
