मुंगेली। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय मुंगेली में ओबीसी कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को जानने और संगठन की आगामी रणनीति तय करने पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिलाष जायसवाल ने कहा कि पिछड़ा वर्ग देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था की मजबूत रीढ़ रहा है। समाज की मेहनत, कौशल और योगदान से देश का विकास हुआ है, लेकिन लंबे समय तक पिछड़ा वर्ग सामाजिक और आर्थिक रूप से उपेक्षित रहा। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है और विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी कांग्रेस महाविद्यालयों में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेगी। इस दौरान नीट परीक्षा, छात्रावास, छात्रवृत्ति, शिक्षण व्यवस्था एवं अन्य छात्रहित से जुड़े विषयों पर जानकारी एकत्र कर संबंधित समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाया जाएगा।
बैठक में संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा छात्र हितों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मदन पटेल, कैलाश श्रीवास, कृष्ण कुमार निषाद, मुकेश राजपूत, राजकुमार प्रजापति, राखी यादव, रोहित राकेश सहित ओबीसी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

